

क्या विकास की रोशनी पहुंचेगी खुटेनपारा तक या यूं ही सड़क और पानी के लिए तरसते रहेंगे ग्रामीण?
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलदगी के खुटेनपारा में ग्रामीण आज भी सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वर्षों बीत जाने के बाद भी यहां विकास की तस्वीर नहीं बदल सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई सरकारें बदलीं, जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार खुटेनपारा में करीब 20 से 30 परिवार निवासरत हैं। यहां से लखनपुर तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को कच्चे और पगडंडी रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। यह मार्ग केंवरी ग्राम होते हुए मैनपाट तक जुड़ता है, लेकिन बरसात के दिनों में सड़क की हालत बेहद खराब हो जाती है। कीचड़ और दलदल के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि अभिभावक महीनों तक बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार पंचायत, सचिव और अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय नेताओं ने सड़क बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन जीत के बाद केवल प्रस्ताव देने की बात कहकर मामला टाल दिया गया।
वहीं गांव में पेयजल संकट भी गंभीर रूप ले चुका है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगा बोरवेल महीनों से बंद पड़ा है क्योंकि उसका मोटर और पंप असामाजिक तत्व चोरी कर ले गए। इसकी शिकायत थाने में भी की गई, लेकिन अब तक न तो चोरों का पता चल पाया और न ही पानी व्यवस्था बहाल हो सकी। नल-जल योजना भी मोटर चोरी के बाद पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि एकमात्र चालू बोर का स्टार्टर निजी व्यक्ति के घर में लगा होने के कारण पानी भरने को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। मजबूरी में लोगों को करीब 3 किलोमीटर दूर केंवरी गांव से पानी लाना पड़ रहा है। कई हैंडपंप भी खराब हालत में पड़े हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण और पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा पाता है या नहीं।





















