
सूरजपुर: सूरजपुर जिले में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के अलग-अलग इलाकों में हाथी और भालू के हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं। रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर गांव में कबरा हाथी ने एक महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया, वहीं साल्ही (आमगांव) गांव में दो भालुओं के हमले में 56 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हाथी के हमले में महिला की मौत, पति-बेटे ने भागकर बचाई जान
जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर गांव में देर रात कबरा हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान महिला जैसे ही अपने घर से बाहर निकली, उसका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान महिला के पति और बेटे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
दो भालुओं ने 56 वर्षीय ग्रामीण पर किया हमला
वहीं दूसरी घटना साल्ही (आमगांव) गांव की है। यहां 56 वर्षीय तिवारी सिंह शाम करीब 5 बजे खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल में अचानक दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल ग्रामीण की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा की मांग
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग जंगल और खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर शाम के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर जाने से बचने की अपील की जा रही है।











