
बिलासपुर: बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां संपत्ति विवाद और बेटी को साथ रखने की बात से नाराज बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता पर लोहे के हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। पिता को आग की लपटों में तड़पता छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है।
बेटी और उसके परिवार के साथ रहते थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था। बेटी का परिवार उनकी देखभाल करने के साथ ही खेती का काम भी संभालता था। वहीं, उनका बेटा आशाराम केंवट पास के गांव बरेली में रहता है।बताया जा रहा है कि पिता द्वारा बेटी को अपने साथ रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर आशाराम नाराज चल रहा था।
विवाद के बाद पिता पर किया जानलेवा हमला
बुधवार को आशाराम अपने गांव सेलर पहुंचा। यहां बेटी को मायके में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिता से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने लोहे के हथियार से बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद अपने साथ लाए पेट्रोल को उनके शरीर पर डालकर आग लगा दी।आग की लपटों में घिरे विश्राम दर्द से तड़पते रहे, लेकिन आरोपी उन्हें उसी हालत में छोड़कर मौके से भाग निकला।पिता को आग में घिरा देख बेटी दुरपति बाई घबरा गई। उसने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया।बताया जा रहा है कि आग से बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
वारदात के बाद से आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
प्रारंभिक जानकारी में घटना की वजह बेटी को साथ रखने और संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों और वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद से आरोपी आशाराम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।











