अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज कल्याण समिति, जिला बलरामपुर की जिला स्तरीय एक दिवसीय सामाजिक जन-जागरूकता बैठक शंकरगढ़ विकासखंड में सम्पन्न हुई। बैठक का नेतृत्व समिति के संस्थापक राजू राम हंसदा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति के दिवंगत जिला सचिव स्वर्गीय सुरेश कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से अर्जुन राम (ग्राम जगीमा) को जिला सचिव नियुक्त किया गया तथा संगठन की जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया।नई कार्यकारिणी में बांसदेव राम को जिलाध्यक्ष, मिठू राम को उपाध्यक्ष, अर्जुन राम को सचिव, रविन्द्र कुमार को सह सचिव, खेलन राम को कोषाध्यक्ष, राजेन्द्र कुमार को संयोजक, देवनाथ राम को पहाड़ी संरक्षक, गणेश्वरी मैम को महिला प्रभाग अध्यक्ष, संजीव राम को महामंत्री, गिरधारी राम को प्रवक्ता, टुयू राम को सलाहकार, मंगलू राम को मीडिया प्रभारी, बिगना राम को सह मीडिया प्रभारी तथा सुन्दरसाय को भाषा संरक्षक का दायित्व सौंपा गया। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कुछ पदाधिकारियों के दायित्वों में भी परिवर्तन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जोगी राम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, प्रधानमंत्री जनमन योजना, जल-जंगल-जमीन एवं संस्कृति संरक्षण, नशामुक्ति तथा सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाज के संगठित विकास एवं अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

बैठक में शंकरगढ़, राजपुर, बलरामपुर और कुसमी विकासखंड के समाजबंधुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!