

भोपाल : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर दो अलग अलग शिकायतों ने खाद्य सुरक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शहर में सामने आए इन मामलों के बाद विभाग ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों ने संबंधित खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं।
पास्ता खाने के बाद बच्चे की बिगड़ी तबीयत
पहला मामला नर्मदापुरम रोड स्थित पिज्जा हट से जुड़ा है। सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यहां जांच की।शिकायत में बताया गया कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए मंगाए गए पास्ता का सेवन करने के बाद एक बच्चे के होंठ और गाल पर सूजन आ गई। इसके बाद टीम ने मौके से पास्ता, व्हाइट बेस, चीज और चीज स्प्रेड के नमूने लिए।
रेस्टोरेंट को नोटिस, जांच रिपोर्ट का इंतजार
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर दिया है। विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी थी या नहीं।
लस्सी को लेकर भी सामने आई शिकायत
दूसरे मामले में आनंदम रेस्टोरेंट की लस्सी में कीड़ा मिलने की शिकायत दर्ज कराई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस मामले में भी संबंधित खाद्य पदार्थ का नमूना लिया है और उसे परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि दोनों मामलों में प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। विभाग शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जांच पर लगातार नजर बनाए हुए है।











