
कोरबा: कटघोरा के मुख्य मार्ग स्थित मुरली होटल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक की प्लेट में परोसे गए सांभर में कीड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया। होटल में नाश्ता कर रहे अन्य ग्राहकों ने भी इसे देखा। घटना से नाराज कई ग्राहक अपना नाश्ता अधूरा छोड़कर होटल से बाहर निकल गए। इस दौरान ग्राहकों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह मुरली होटल में बड़ी संख्या में लोग डोसा और सांभर का नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक ग्राहक ने अपनी प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा देखा। उसने तत्काल इसकी जानकारी अन्य ग्राहकों को दी। ग्राहकों ने होटल स्टाफ से शिकायत की तो उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद होटल में मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई।
शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने की जांच
मामले की शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम शुक्रवार को कटघोरा पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने मुरली होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं पाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि शिकायत के आधार पर होटल की जांच की गई है। मौके से सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। निरीक्षण में मिली कमियों को देखते हुए होटल संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही होटल में खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
शारदा स्वीट्स का भी किया निरीक्षण
खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस मामले में भी खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी।लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और होटलों की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जिले के बड़े होटलों और रेस्टोरेंट की नियमित जांच कराने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।










