रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का फायदा उठाकर ठगों ने एक महिला को विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और कस्टम शुल्क समेत अलग-अलग बहाने बनाकर 3 लाख 23 हजार 998 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो साल तक बातचीत कर जीता भरोसा

पुलिस के मुताबिक कुशालपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास रहने वाली रोशनी चतुर्वेदी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर 'drkhan666' नाम की आईडी से उनकी पहचान हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने लगातार चैटिंग कर दोस्ती बढ़ाई और बाद में मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी।

समय के साथ आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया। इस दौरान उसने महिला से तस्वीरें और वीडियो भी मंगवाए, जिससे दोनों के बीच भरोसे का रिश्ता बनता गया।

विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने का दिया लालच

जब महिला पूरी तरह उसके भरोसे में आ गई तो आरोपी ने कहा कि वह विदेश से उसके लिए महंगे उपहार भेज रहा है। इसके लिए उसने महिला के घर का पता लिया और भरोसा दिलाया कि गिफ्ट एयरपोर्ट के माध्यम से उनके घर पहुंच जाएगा।

एयरपोर्ट कर्मचारी बनकर भेजा QR कोड

4 जून को महिला के पास एक दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट की एक कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि गिफ्ट की कीमत अधिक होने के कारण उसे छुड़ाने के लिए पहले 6 हजार रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद व्हाट्सएप पर एक QR कोड भेजा गया, जिसे स्कैन कर महिला ने पहली रकम जमा कर दी।

कस्टम और टैक्स के नाम पर ठगे लाखों रुपये

पहली रकम मिलने के बाद ठगों ने कस्टम ड्यूटी, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर लगातार पैसों की मांग शुरू कर दी। महिला ने 4 जून से 20 जून के बीच अलग-अलग किस्तों में अपने बैंक ऑफ बड़ौदा खाते और च्वाइस सेंटर के माध्यम से यूपीआई ट्रांजेक्शन कर कुल 3 लाख 23 हजार 998 रुपये आरोपियों के खातों में भेज दिए।

पुलिस ने शुरू की जांच

जब काफी रकम देने के बाद भी गिफ्ट नहीं पहुंचा और ठग लगातार पैसों की मांग करते रहे, तब महिला को अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!