

नई दिल्ली। नीट परीक्षा विवाद और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस सांसदों और नेताओं को हिरासत में ले लिया।
लोक कल्याण मार्ग पर हुए प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहुल गांधी से बातचीत भी की। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध जारी रखा।
सरकार के सामने कांग्रेस की पांच प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने केंद्र सरकार के समक्ष पांच मांगें रखी हैं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख है। इसके अलावा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा, विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान की मांग भी की गई है।
हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी को पुलिसकर्मियों द्वारा उठाकर बस में बैठाने का वीडियो भी सामने आया है। हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने कहा कि यह छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास है और सरकार युवाओं की समस्याओं को सुनना नहीं चाहती।
हाथ बांधकर जताया विरोध
प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस नेताओं ने अपने दोनों हाथ बांधकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर कथित अंकुश के खिलाफ उनका शांतिपूर्ण प्रतिरोध है।
राहुल गांधी ने सरकार से मांगा जवाब
राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के युवाओं के भविष्य को लेकर जवाब मांगने के लिए प्रधानमंत्री आवास तक मार्च कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और सरकार इस मामले में न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में चर्चा कराने के लिए तैयार है। राहुल गांधी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर संसद में विस्तृत बहस होनी चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने छात्रों से की अपील
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से आंदोलन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता।











