जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा क्षेत्र में भारतमाला मार्ग एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। कोरबी गांव के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन बुजुर्गों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार हादसे में कोरबी निवासी संतू यादव तथा डोंगरी गांव के केदार बरेठ और दिलहरण वैष्णव की जान चली गई। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश

फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

अनाधिकृत आवाजाही बन रही हादसों की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला मार्ग पर अभी नियमित यातायात शुरू नहीं हुआ है, इसके बावजूद कोरबा की ओर से कई वाहन अनाधिकृत रूप से इस सड़क का इस्तेमाल कर रहे हैं। वन-वे व्यवस्था के बावजूद नियमों की अनदेखी के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और भारतमाला परियोजना से जुड़े अधिकारी इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।

पहले भी कई लोगों की जा चुकी है जान

भारतमाला मार्ग पर इससे पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। करीब तीन महीने पहले अकलतरा क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में तहसीलदार की पत्नी की मौत हुई थी। वहीं एक माह पहले बलौदा क्षेत्र में हुए हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद अब लोगों की नजर जिला प्रशासन और भारतमाला परियोजना के अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!