
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 17 वर्ष पुराने सड़क हादसे के मामले में जारी स्थाई वारंट की तामील करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित स्थाई वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट की तामील कर लंबे समय से फरार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामभरत विश्वकर्मा, पिता ननका विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास, थाना गांधीनगर के खिलाफ सड़क दुर्घटना के मामले में अपराध क्रमांक 265/09 के तहत धारा 279, 337 और 338 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण दर्ज था। मामले में आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था।कोतवाली पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए स्थाई वारंटी रामभरत विश्वकर्मा को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण यादव, आरक्षक सचिन्द्र सिन्हा, संजीव पाण्डेय और अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















