
अंबिकापुर : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस की ओर से लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी अभियान के तहत बतौली पुलिस ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की, जिसके बाद न्यायालय ने उसे 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बतौली की टीम वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/EK/3124 को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक की पहचान निलेश तिर्की, उम्र 25 वर्ष, निवासी देवरी, थाना बतौली के रूप में हुई।पुलिस को जांच के दौरान चालक के शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्टके तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की और मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने वाहन चालक निलेश तिर्की को 10,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।



















