
लखनऊ: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की व्यवस्था में बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी पूरी हो गई है। ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के तौर पर रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगने की जानकारी सामने आई है।जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं और 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उनके लंबे सैन्य करियर में ऑपरेशनल प्लानिंग, फाइटर स्क्वाड्रन की कमान और महत्वपूर्ण एयर बेस की जिम्मेदारी जैसे पद शामिल रहे हैं।
38 साल से ज्यादा का सैन्य अनुभव
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में 38 साल से अधिक समय तक सेवा दी। वह फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, ASTE में चीफ टेस्ट पायलट, दो फ्रंटलाइन एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग और एयर मुख्यालय में कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।इसके अलावा वह एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (ASTE) के कमांडेंट और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में डिप्टी चीफ जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। मौजूदा जिम्मेदारी से पहले वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन्स) के डिप्टी चीफ के पद पर थे।उनकी सेवाओं के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उनके सैन्य करियर में कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया गया है।
ट्रस्ट की व्यवस्था में क्यों हो रहा बदलाव?
राम मंदिर ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की चर्चा उस समय तेज हुई, जब मंदिर से जुड़े दान और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप सामने आए। इसके बाद ट्रस्ट के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और पेशेवर बनाने के लिए CEO नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।CEO पद के लिए कई नामों पर चर्चा हुई थी। इनमें पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे, पूर्व IAS अधिकारी दिनेश चंद्र, रिटायर्ड IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और पूर्व IPS अधिकारी परेश सक्सेना के नाम शामिल बताए गए थे। हालांकि, अंततः रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को इस जिम्मेदारी के लिए चुने जाने की जानकारी सामने आई है।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों की भी नियुक्ति
इसी प्रशासनिक बदलाव के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति भी की गई है। इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं।महेश भागचंदका को विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है। ट्रस्ट की अहम बैठक में तीनों नए सदस्यों की नियुक्ति को लेकर चर्चा के बाद फैसला लिया गया।
राम मंदिर ट्रस्ट में CEO की नियुक्ति और नए ट्रस्टियों के आने के बाद मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में आने वाले दिनों में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।




















