
रायपुर में 1 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट, छह टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी; ओलंपियन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
रायपुर: छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आगाज होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) का पहला सीजन 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच खेला जाएगा।
छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमों के बीच कुल 18 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में लीग मुकाबलों के बाद 31 अक्टूबर को दो सेमीफाइनल होंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 1 नवंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा। उद्घाटन दिवस पर शाम 5:30 बजे महिला प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।
132 खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में कुल 132 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनका चयन व्यापक ट्रायल प्रक्रिया के बाद किया गया है। प्रतियोगिता में राज्य के उभरते खिलाड़ियों के साथ अनुभवी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
लीग में छह टीमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
सरदार सिंह होंगे लीग के एंबेसडर
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह लीग राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
सरदार सिंह के मुताबिक, इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी अनुभव मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि लीग में अनुभव और युवा प्रतिभा का अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा और इससे छत्तीसगढ़ में हॉकी के विकास को नई गति मिलेगी।
लीग में ओलंपियन सुरेंदर कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जैसे चर्चित हॉकी खिलाड़ियों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
छह टीमों के लिए कोचिंग स्टाफ घोषित
प्रतियोगिता के लिए सभी छह फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच, सहायक कोच और टीम मैनेजर की घोषणा कर दी गई है।
न्यायधानी नाइट्स: मुख्य कोच रजनीश मिश्रा, सहायक कोच मृणाल चौबे, टीम मैनेजर गोपेश्वर कहारा।
मैनपाट टाइटन्स: मुख्य कोच राजिंदर सिंह जूनियर, सहायक कोच अमिताभ मानिकपुरी, टीम मैनेजर दीपेश चौबे।
चक्रधर चैंपियंस: मुख्य कोच देवेश चौहान, सहायक कोच रवि पारीक, टीम मैनेजर धनीराम यादव।
राजधानी रॉयल्स: मुख्य कोच अजितेश रॉय, सहायक कोच रश्मि संध्या एक्का, टीम मैनेजर अनीस अहमद।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: मुख्य कोच अजय कुमार, सहायक कोच अनुराज श्रीवास्तव, टीम मैनेजर योगेश द्विवेदी।
बैलाडीला बुल्स: मुख्य कोच एमडी रियाज, सहायक कोच राकेश टोप्पो, टीम मैनेजर जहांगीर खान।
लीग में छत्तीसगढ़ के सहायक कोचों को भी अवसर दिया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रशिक्षकों की क्षमता विकसित हो और राज्य में हॉकी के लिए मजबूत प्रतिभा तंत्र तैयार किया जा सके।
उद्घाटन से फाइनल तक मुकाबलों का कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रतिदिन शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को शाम 7 बजे होगा।
1 नवंबर: शाम 7 बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के संदेश के साथ शुरुआत
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग का उद्देश्य राज्य में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के अधिक अवसर देना और राष्ट्रीय खेल के विकास को बढ़ावा देना है।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ की टैगलाइन के साथ यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह को सामने लाएगी। उम्मीद है कि इस लीग से राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ भविष्य में बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
फाइनल मैच Schedule:
22 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे महिला प्रदर्शनी मैच
शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम न्यायधानी नाइट्स
23 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: मैनपाट टाइटन्स बनाम बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
24 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम चक्रधर चैंपियंस
शाम 7:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
25 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
26 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम मैनपाट टाइटन्स
27 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम चक्रधर चैंपियंस
शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
28 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम बैलाडीला बुल्स
29 अक्टूबर
शाम 5:30 बजे: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम बैलाडीला बुल्स
30 अक्टूबर : आराम का दिन
31 अक्टूबर :
शाम 5:30 बजे: सेमी फ़ाइनल 1 – लीग 1 बनाम लीग 4
शाम 7:30 बजे: सेमी फ़ाइनल 2 – लीग 2 बनाम लीग 3
1 नवंबर :
शाम 7 बजे: फाइनल




















