

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के लहसुनपाठ में युवक ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों के शादी से इनकार करने पर युवक परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक और युवती के बीच लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था। युवक शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के परिजनों ने फिलहाल शादी से इनकार कर दिया। युवती के पिता ने बताया कि उन्होंने एक वर्ष पहले ही अपनी बेटी की शादी की है और वर्तमान में वे आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि ग्राम लहसुनपाठ निवासी संदीप नाग पिता बंदेश्वर नाग(18 वर्ष) बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात युवक जंगल की ओर गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





















