सूरजपुर: सूरजपुर जिले के सोनगरा-खड़गंवा मार्ग पर सुखदेवपुर के समीप स्थित पुलिया भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते अचानक भरभराकर गिर गई। पुलिया ध्वस्त होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, एसईसीएल भटगांव क्षेत्र की महान-3 कोयला खदान से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला लदे भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। लंबे समय से पुलिया जर्जर स्थिति में थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और एसईसीएल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

पुलिया टूटने से कोयला परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। अब भारी वाहनों को प्रतापपुर मार्ग से होकर अम्बिकापुर की ओर भेजे जाने की संभावना है। इससे अम्बिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने के साथ सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं, शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और पुलिया निर्माण की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे की संभावना को टाला जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!