

अंबिकापुर: अंबिकापुर शहर से महज 10 किलोमीटर दूर अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग स्थित कल्याणपुर जंगल में देर रात बड़ी वारदात सामने आई है। शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की कार को बदमाशों ने रोककर लूट की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे 6 बाइक में सवार लगभग 12 आरोपी अचानक सड़क पर पहुंचे और कार को रोक लिया। बदमाश कार सवार लोगों को नीचे उतरने की धमकी देने लगे। इस दौरान फायरिंग की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आ रही है।कार में सवार परिवार किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार सूरजपुर जिले के धरमपुर क्षेत्र का रहने वाला है और शादी समारोह से वापस लौट रहा था।इसी दौरान बदमाशों ने एक ऑटो चालक से भी लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





















