

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज 15 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। यह प्रक्रिया जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिले के नयनपुर गिरवरगंज स्थित इंद्रा पावर जैन प्राइवेट लिमिटेड परिसर में संपन्न कराई गई।नष्टीकरण के दौरान कुल 44.155 किलोग्राम गांजा, 1478 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 2610 नशीली टेबलेट और 110 नग कफ सिरप को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत नष्ट किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं वैधानिक निपटान की प्रक्रिया के तहत की गई।
कार्यवाही जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ तथा पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नष्टीकरण की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से पहले सभी प्रकरणों की विस्तृत सूची एवं आवश्यक दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। साथ ही नष्टीकरण की सूचना संबंधित विभागों और न्यायालय को पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई थी।
इस दौरान थाना गांधीनगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीआरबी शाखा प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक गंभीर साय, प्रधान आरक्षक अनिल तिर्की तथा आरक्षक अजय यादव सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











