

अंबिकापुर: जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने गुरुवार को व्यापक सत्यापन और जांच अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, किरायदारों, मुसाफिरों और व्यवसायिक संस्थानों में कार्यरत लोगों की पहचान और सत्यापन किया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने किरायेदारों, निचली बस्तियों, अंदरूनी कॉलोनियों, पान ठेला और गुमटी संचालकों, होटल-ढाबा संचालकों तथा बस और ट्रक संचालकों से पूछताछ की। इसके साथ ही चालक, परिचालक, क्लीनर और अन्य व्यवसायिक वाहनों में कार्यरत कर्मचारियों के पहचान पत्रों और दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस ने मकान मालिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिया है कि वे बाहरी व्यक्तियों को काम पर रखने या किराये पर कमरा देने से पहले उनकी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं और मुसाफिरी दर्ज कराएं। होटल संचालकों को भी ठहरने वाले व्यक्तियों की जानकारी सुरक्षित रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।सघन जांच अभियान के दौरान लगभग 125 मकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा बस-ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत और निवासरत करीब 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों या बाहरी लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों या आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचना मिलने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599या डायल 112 पर जानकारी दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











