

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं सेवन पर अंकुश लगाने तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बछराजकुंवर धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में संयुक्त टीम द्वारा विशेष गश्त एवं सघन जांच अभियान चलाया गया।संयुक्त अभियान के दौरान बछराजकुंवर धाम परिसर के आसपास स्थित होटलों एवं अन्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अमरावतीपुर निवासी देव कुमार तथा कामेश्वर सिंह के होटलों से 04-04 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब, कुल 08 लीटर शराब बरामद की गई। बरामद शराब को मौके पर ही जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बछराजकुंवर धाम परिसर में पैदल गश्त कर स्थानीय होटल संचालकों, दुकानदारों एवं अन्य व्यापारियों को धार्मिक स्थल के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से धाम परिसर के भीतर मदिरापान नहीं करने तथा धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, विक्रय अथवा सेवन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से नियमित गश्त, निरीक्षण एवं सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











