बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान 2026 का आयोजन 28 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। जिसका उद्देश्य जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर भारत की पोलियो-मुक्त बनाए रखना तथा बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।

जिले में अभियान के प्रथम दिवस 28 जून 2026, रविवार को निर्धारित 693 पोलियो बूथों पर 1386 स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी दलों द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य करेंगी। अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 07 हजार 731 बच्चों को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जीवन की खुराक पिलाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य दें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!