

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंडरी के बछरूडूबा स्थित आंगनबाड़ी भवन को प्रशासन ने मुक्त कराकर महिला एवं बाल विकास विभाग को पुनः सुपुर्द कर दिया है। भवन मुक्त होने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों एवं गर्भवती माताओं, शिशुवती माताओं के लिए सेवाओं का संचालन सहित विभिन्न गतिविधियां नियमित रूप से शुरू हो गया है।
कलेक्टर के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) वाड्रफनगर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि आंगनबाड़ी भवन पर कुंती देवी, पति मुनेश्वर लाल द्वारा ताला लगाकर उसका उपयोग किया जा रहा था, जिससे केंद्र का संचालन बाधित हो रहा था और बच्चों को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित थीं।
प्रशासन द्वारा 25 जून 2026 को राजस्व विभाग की टीम, ग्राम पंचायत के सरपंच तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर कुंती देवी की सहमति से भवन का ताला खुलवाकर उसे खाली कराया गया तथा विधिवत महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंप दिया गया। भवन उपलब्ध होने के बाद बछरूडूबा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों एवं अन्य हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा तथा विभागीय योजनाओं का लाभ पुनः नियमित रूप से मिलने लगा है। इससे क्षेत्र के बच्चों के पोषण स्तर और प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।





















