बलरामपुर/राजपुर:  राजपुर नगर में निर्माणाधीन अंबिकापुर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग (एनएच) की बदहाल स्थिति, लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं, उड़ती धूल और पेयजल संकट को लेकर जनआक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य और जल जीवन मिशन की अव्यवस्थाओं से परेशान नगरवासियों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में सोमवार 11 मई को गांधी चौक, राजपुर में धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

ज्ञात हो कि इससे पहले 8 मई 2026 को आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। ज्ञापन में नगर की जर्जर सड़क, धूल प्रदूषण, दुर्घटनाओं और पेयजल संकट को गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की गई थी। प्रशासन द्वारा समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं होने पर सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने धरना प्रदर्शन किया।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अंबिकापुर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए राजपुर नगर के भीतर मुख्य सड़क को कई स्थानों पर खोद दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। सड़क खुदाई के बाद लंबे समय तक मरम्मत नहीं होने से पूरे नगर में धूल का गुबार बना रहता है, जिससे आम नागरिकों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं छोटे-बड़े वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी और प्रशासन स्थिति सुधारने में गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। धूल और खराब सड़क से स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है तथा बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

धरना प्रदर्शन के दौरान पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे एवं गुणवत्ताहीन कार्यों के कारण नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि राजपुर नगर के भीतर सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, धूल से राहत के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए तथा पेयजल व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जनहित में उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

धरना प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव एवं पार्षद सकील अंसारी, जिला अध्यक्ष ज़फर खान, लोकसभा उपाध्यक्ष शंकर भगत, विधानसभा प्रभारी तिलकधारी टोप्पो, विजय जायसवाल, अनमोल एक्का, ननकू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, व्यापारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!