अंबिकापुर: विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान के तहत सीतापुर, मैनपाट, बतौली और पेटला वितरण केंद्र के विद्युतकर्मियों ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से मुलाकात कर 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। यूनियन के प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य रविशंकर यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीतापुर स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।

यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि मैनपाट, सीतापुर और पेटला क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा वनाच्छादित और पहाड़ी इलाकों में फैला हुआ है, जहां बिजली नेटवर्क का संचालन और रखरखाव बेहद चुनौतीपूर्ण है। नियमित कर्मचारियों की भारी कमी के कारण विद्युत सुधार और मेंटेनेंस कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विभाग का अधिकांश काम संविदा और ठेका कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि कर्मचारियों की कमी के चलते कई बार विद्युतकर्मियों को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर भी काम करना पड़ता है। इससे गंभीर हादसों की आशंका बढ़ जाती है। यूनियन ने मैनपाट क्षेत्र में पिछले वर्ष सुधार कार्य के दौरान संविदाकर्मी सुनील टोप्पो की पोल से गिरकर हुई मौत का उल्लेख करते हुए इसे कर्मचारियों की कमी का परिणाम बताया।

ज्ञापन में यूनियन ने संविदाकर्मियों के नियमितीकरण, ठेका प्रथा बंद करने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, 2004 के बाद भर्ती कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ और सभी विद्युत कामगारों को निजी अस्पतालों में कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने की मांग रखी।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस संबंध में आवश्यक पहल की जाएगी और ऊर्जा मंत्री तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे विद्युतकर्मियों की समस्याओं का समाधान जरूरी है और रिक्त पदों पर भर्ती होना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल में आरएस यादव, नेमहस लकड़ा, वीरेंद्र सिंह, श्रीधर, दलप्रताप सिंह, बलवंत मिर्रे, दीपक कुजूर, नवीन खलखो और दिनेश लकड़ा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!