रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि 11 मई के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3-3 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं बिलासपुर, रायपुर और लाभांडीह में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिणपूर्वी राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक फैली द्रोणिका और बिहार से आंध्रप्रदेश तक सक्रिय ऊपरी हवा की द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में 11 मई को दिन में मौसम साफ रहने के बाद दोपहर या शाम को आंशिक बादल छाने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!