दुर्ग:  जिले के धमधा थाना क्षेत्र में सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की शाखा में 267 महिला ग्राहकों के साथ एक करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। मामले में धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी कंपनी का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का अनुबंध है। कंपनी द्वारा कराए गए ऑडिट में धमधा शाखा के शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से वसूली गई ऋण किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं करने का मामला उजागर हुआ।जांच में पता चला कि संबंधित कर्मचारियों को राशि जमा करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने न तो राशि लौटाई और न ही कोई जवाब दिया। विस्तृत ऑडिट में सामने आया कि शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 267 महिला ग्राहकों से प्राप्त कुल 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये का गबन कर धोखाधड़ी की।शिकायत की जांच के बाद धमधा थाना में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा तथा संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से संबंधित भुगतान केवल अधिकृत माध्यम से ही करें तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आर्थिक अपराध करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!