Jio Airtel Vi Mobile Recharge Hike:  अगर आप Reliance Jio, Bharti Airtel या Vodafone Idea का मोबाइल कनेक्शन इस्तेमाल करते हैं तो आने वाले महीनों में रिचार्ज के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियां अपने प्रीपेड और पोस्टपेड प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही हैं। इसकी वजह 5G नेटवर्क के विस्तार, नए टावर लगाने और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ता खर्च बताया जा रहा है।

दिसंबर तक 12 से 15 फीसदी तक बढ़ सकते हैं दाम

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अगले तीन से चार महीनों में मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमतों में करीब 12 से 15 फीसदी तक वृद्धि हो सकती है।अगर कंपनियां टैरिफ बढ़ाती हैं तो ग्राहकों को मौजूदा सेवाओं के लिए भी पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ सकता है। इसका असर प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों तरह के प्लान पर देखने को मिल सकता है।

पहले भी एक साथ बढ़ चुके हैं टैरिफ

भारतीय टेलीकॉम बाजार में यह पहली बार नहीं होगा जब रिचार्ज प्लान महंगे होंगे। इससे पहले भी बड़ी कंपनियों ने अपने टैरिफ में बदलाव किया है।अक्सर देखा गया है कि जब एक प्रमुख कंपनी कीमतों में बढ़ोतरी करती है तो अन्य टेलीकॉम कंपनियां भी कुछ समय बाद अपने प्लान की दरें बढ़ा देती हैं। पिछली बार भी जियो, एयरटेल और वीआई ने लगभग एक ही समय के आसपास अपने टैरिफ में बदलाव किया था।

5G विस्तार और बढ़ते खर्च को बताया जा रहा कारण

टेलीकॉम कंपनियों का मुख्य फोकस इस समय प्रति ग्राहक औसत आय यानी एआरपीयू बढ़ाने पर है। कंपनियों का कहना है कि भारत में ग्राहकों से मिलने वाली औसत कमाई अभी कई अन्य देशों की तुलना में कम है।वहीं, 5G नेटवर्क के विस्तार, नए मोबाइल टावरों की स्थापना, स्पेक्ट्रम खरीद और नेटवर्क क्षमता बढ़ाने में कंपनियों ने बड़ी राशि निवेश की है। ऐसे में कंपनियां बढ़ते खर्च की भरपाई और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रिचार्ज प्लान की कीमतों में बदलाव पर विचार कर रही हैं।

ग्राहकों पर बढ़ सकता है अतिरिक्त खर्च का दबाव

अगर टैरिफ में बढ़ोतरी लागू होती है तो मोबाइल इंटरनेट, कॉलिंग और अन्य डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों के मासिक बजट पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। हालांकि, कंपनियों की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से नई कीमतों की घोषणा नहीं की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!