मध्य प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बीते 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। बारिश और तेज हवाओं के चलते दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। रीवा, शहडोल और सागर में पारा सामान्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया।

राजधानी भोपाल में भी पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को शहर में हल्की बारिश हुई थी। शनिवार सुबह से भी बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका जताई है।

‘अर्नब’ के असर से कई संभागों में गिरा पारा

चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। रीवा और सागर संभाग के जिलों में तापमान में 4.6 से 5.7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। वहीं, नर्मदापुरम, जबलपुर और शहडोल संभाग में पारा करीब 3.7 डिग्री तक लुढ़का।

तापमान में सबसे बड़ी गिरावट रीवा, शहडोल और सागर में दर्ज की गई। इन जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से 5.2 से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।

अनूपपुर में 77 मिमी बारिश दर्ज

बारिश के मामले में अनूपपुर जिला सबसे आगे रहा। यहां 77 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अमरकंटक में 55 मिमी, सिंगरौली में 50.8 मिमी, सिहावल में 44.2 मिमी और बहराई में 40 मिमी बारिश हुई।

इसके अलावा रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। अनूपपुर में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इनमें भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां शामिल हैं।

इसके अलावा जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!