बलरामपुर: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि सीमावर्ती एवं आंतरिक चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है तथा दूसरे राज्यों का धान खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वाड्रफनगर तहसील के धनवार चेक पोस्ट पर संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे एक ट्रक व चार पिकअप से लगभग 406 क्विंटल धान पकड़ा। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर वाहनों को थाना बसंतपुर को सौंपकर मंडी अधिनियम, मोटर व्हीकल एक्ट एवं कस्टम मिलिंग उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। धनवार में ही खली व भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही 17 बोरी धान से लदा पिकअप भी पकड़ा गया।

3 नवंबर को राजपुर अनुविभाग में संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेज परिवहन किए जा रहे 780 बोरा धान जप्त कर थाना राजपुर को सुपुर्द किया। इसी दिन तुगवा-बलंगी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे दो पिकअप से 128 बोरी धान जप्त कर बलंगी चौकी में रखा गया। ग्राम तल्केश्वरपुर के पास 63 बोरी धान से लदा पिकअप पकड़कर डिंडो चौकी को सौंपा गया।इसके अलावा झारखंड से अवैध धान ला रहे एक पिकअप को रात्रि लगभग 1 बजे पकड़कर थाना रामचंद्रपुर तथा उत्तर प्रदेश से धान ला रहे एक अन्य पिकअप को थाना रघुनाथनगर के सुपुर्द किया गया। सभी प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!