शिवसागर। असम के शिवसागर जिले में बुधवार तड़के पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से घनकांत गोगोई की मौत हो गई। वह गुवाहाटी के होटल बिलास इन में हुई फायरिंग की घटना में आरोपी था। मुठभेड़ में शिवसागर टाउन पुलिस स्टेशन के एक सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हुए हैं।

तड़के 3:10 बजे हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 3:10 बजे शिवसागर के फुलपनिचिगा इलाके में रोंगमोन ढाबा के पास हुई। पुलिस टीम घनकांत गोगोई को गुवाहाटी से शिवसागर लेकर आ रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर उसने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और हिरासत से भागने का प्रयास किया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी की इस कोशिश के बाद पुलिसकर्मियों ने गोली चलाई। गोली लगने से घनकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर भी घायल

गोलीबारी के दौरान शिवसागर टाउन पुलिस स्टेशन में तैनात सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हो गए। उनकी चोटों की गंभीरता और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

केस नंबर 108/2024 के सिलसिले में लाया जा रहा था आरोपी

पुलिस घनकांत गोगोई को शिवसागर सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज केस नंबर 108/2024 के संबंध में गुवाहाटी से शिवसागर लेकर जा रही थी। बताया गया है कि उसका नाम होटल बिलास इन में हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था।फिलहाल पुलिस की ओर से मुठभेड़ और होटल में हुई फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। घायल पुलिस अधिकारी की स्थिति और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!