अंबिकापुर:  सरगुजा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के तीन मामले पकड़े। तीनों वाहन चालकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल और एक कार सहित तीन वाहनों के चालकों को रोककर जांच की। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर तीनों चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-EB-1304 के चालक संतोष कुशवाहा (27 वर्ष), निवासी जमगला, थाना लखनपुर को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया।दूसरे मामले में कार क्रमांक CG-15-B-6744 के चालक चिरंजीवी चक्रवर्ती (32 वर्ष), निवासी नर्मदापारा, थाना गांधीनगर को जांच के दौरान शराब के नशे में पाया गया।वहीं, तीसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-EF-9996 के चालक दिनेश कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी थाना लखनपुर क्षेत्र को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया।तीनों वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने तीनों चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

इस पूरी कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!