

रायगढ़: जिले में जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायगढ़ पुलिस की साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहीद चौक क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई कर एक महिला को सट्टा-पट्टी लिखते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ के शहीद चौक क्षेत्र में रहने वाली अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवैध सट्टा कारोबार संचालित कर रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उसके घर पर दबिश दी।
रेड के दौरान महिला घर पर मौजूद मिली। पूछताछ में उसने सट्टा-पट्टी लिखने की बात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक रियलमी मोबाइल फोन, सट्टा लेखा-जोखा, राजधानी कल्याण के विभिन्न अंकों की तस्वीरें तथा हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपिया नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से सट्टा राशि लेकर अवैध कारोबार चला रही थी।पुलिस ने मौके से 480 रुपये नकद सट्टा रकम, मोबाइल फोन और सट्टे से संबंधित दस्तावेज गवाहों की उपस्थिति में जब्त किए। आरोपिया अनिता साहू, पति बजरंग साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी शहीद चौक, रायगढ़ के खिलाफ कोतवाली थाना में Chhattisgarh Gambling Prohibition Act, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "ऑपरेशन अंकुश" के तहत जिले में जुआ और सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











