
बिलासपुर: नशीली दवाइयों की अवैध तस्करी के खिलाफ सीपत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेन के जरिए बिलासपुर के आरोपियों तक प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खेप पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी को मथुरा से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर पहुंचाया, जहां न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 11 सितंबर को ग्राम गुड़ी लोनियापारा निवासी उग्रसेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 4,743 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट बरामद हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान पुलिस को नशीली दवाइयों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी मिली। जांच में पता चला कि आरोपी मथुरा निवासी राहूल अग्रवाल के संपर्क में थे और उसी से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां मंगवाते थे। इसके बाद पुलिस टीम सप्लायर की तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना हुई।मथुरा पहुंची पुलिस टीम ने गोविंद नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर राहूल अग्रवाल (46) को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने नशीली दवाइयों की सप्लाई से जुड़े अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की।इसके बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया। बिलासपुर लाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22 और 29 के तहत कार्रवाई की है। जांच के जरिए पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।




















