
सूरजपुर: शेयर करेंसी में रकम लगाने पर पैसा दो से चार दिन में दोगुना करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को चौकी रेवटी पुलिस ने बिहार के कैमूर से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को चौकी रेवटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से उसके घर पहुंचे और धोखे से 8 लाख 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 35/2023 के तहत धारा 420, 120बी, 34 भादसं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले सुनील पाण्डेय से संपर्क कर खुद को शेयर करेंसी का कारोबारी बताया था। उन्होंने 10 हजार रुपये निवेश करने पर अगले दिन रकम दोगुनी होने का झांसा दिया। आरोपियों ने अगले दिन 20 हजार रुपये वापस कर पीड़ित का विश्वास जीत लिया। इसके बाद 10 लाख रुपये तक निवेश करने पर दो से चार दिन में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया।
आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने 8 लाख 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर ली। 27 फरवरी 2023 को आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचे और रकम लेकर बदले में खाकी रंग का बंद पैकेट देते हुए उसमें 17 लाख रुपये होने की बात कही। आरोपियों ने पैकेट बाद में खोलने और उनके सामने रकम का मिलान करने की बात कही। उनके मोबाइल बंद मिलने पर पीड़ित ने पैकेट खोला तो उसमें नोटों के आकार में सादे कागज की गड्डियां निकलीं। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस की साइबर तकनीक से जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल मोबाइल नंबर चंदौली, उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति के नाम पर जारी हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि वाराणसी के नगवा स्थित मोबाइल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा ने धोखे से सिम जारी कर उसे आपराधिक षड्यंत्र में शामिल आरोपी राजेश सिंह को 1500 रुपये में दिया था। आरोपियों ने इसी सिम का इस्तेमाल कर पीड़ित से संपर्क किया और ठगी की वारदात को अंजाम दिया।मामले में पुलिस पूर्व में अमरेश मिश्रा निवासी वाराणसी और राजेश सिंह निवासी भगवानपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी शाहजाद अंसारी पिता युसुफ अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार के कैमूर में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने बिहार पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर सूरजपुर लाया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।



















