
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर पतरातू डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में बच्चों को साइबर अपराध से सुरक्षा व बचाव की जानकारी दी गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और जनता को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एक महत्त्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा प्रदेशभर में 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक राज्यव्यापी "साइबर जागृति अभियान" संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना है, जिससे एक सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर विद्यालय पधारे प्रतीक नेताम (प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर, राजपुर) के द्वारा शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी रखना अब केवल तकनीकी विशेषज्ञों का काम नहीं बल्कि यह हम सब की जिम्मेदारी भी है। ताकि हम अपने दैनिक जीवन में साइबर अपराध के शिकार बनने से बच सकें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान का उद्देश्य एक ऐसा मजबूत सुरक्षा तंत्र विकसित करना है, जहां हर नागरिक डिजिटल दुनिया में सुरक्षित महसूस करे और बिना किसी भय के ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सके। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा, आशीष सोनी (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रामानुजगंज), समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थियों की विशेष उपस्थिति बनी रही। बच्चे बेहद सक्रियता से सीखते नज़र आए तथा एक बच्चे ने अपने फीडबैक में कहा कि इस तरह की शैक्षिक गतिविधि हमारे जीवन में हमेशा उपयोगी साबित होती है। आज हमने जो सीखा है, उसके प्रति हम हमेशा जागरूक बने रहेंगे।




















