

जशपुर: नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दोकड़ा चौकी क्षेत्र में 207 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर जशपुर लाया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला 12 मई 2026 का है। दोकड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन में कच्चे आम की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में देवरी के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध पिकअप क्रमांक UP-70-RT-6633 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए बहाल जोर के पास वाहन को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप की ट्रॉली में प्लास्टिक कैरेट में कच्चे आम भरे मिले। आम हटाने पर नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा जब्त किया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप, मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये बताई गई।
इस मामले में पुलिस ने प्रेमनाथ सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान पुलिस ने तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान तकनीकी टीम और मुखबिर तंत्र से जानकारी मिली कि दोनों प्रयागराज क्षेत्र में मौजूद हैं।
इसके बाद विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और कार्रवाई करते हुए शारदा केसरवानी (19), निवासी तरोल घटवा, थाना करछना, प्रयागराज तथा मनीष पासी (28), निवासी हाथगन पुरवा खास, थाना घूरपुर, प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले में एंड-टू-एंड विवेचना जारी है। नशे की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस, आरक्षक सुरेंद्र यादव और जयप्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











