

कृमि संक्रमण से बचाव और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
बलरामपुर।राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के समन्वय से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बलरामपुर उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति में कुल 374 छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक गोली खिलाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, इसके दुष्प्रभावों तथा कृमिनाशक दवा के महत्व के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास के लिए जरूरी है कृमि संक्रमण से बचाव: डॉ. विजय कुमार सिंह
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पात्र बच्चों को निर्धारित अनुसार कृमिनाशक दवा का सेवन कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करना, नाखूनों को साफ एवं छोटे रखना तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाकर कृमि संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है। साथ ही आज जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से विद्यालयों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य समिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











