
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के बसदेई पुलिस ने सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में सोलर पैनल के केबल तार, कांसा-पीतल के बर्तन और दो मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉड बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरपुर निवासी छक्केलाल सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रेड नदी के किनारे स्थित उसके खेत-बगान में सिंचाई के लिए सोलर पैनल, 3 एचपी का मोटर पंप और केबल तार लगाया गया है। 28 अगस्त 2026 को ग्राम जूर निवासी नजीर अंसारी और ग्राम रगदा निवासी अंकित तिवारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और केबल तार काटकर चोरी करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान नजीर को केबल काटते हुए प्रार्थी ने देख लिया और पकड़ लिया।मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत धारा 303(2), 62, 111 एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए नजीर अंसारी (28) और अंकित तिवारी (28) को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आईं कई वारदातें
पूछताछ में नजीर अंसारी ने बताया कि वह अंकित के साथ सुंदरपुर पहुंचा था। दोनों ने नदी किनारे लगे सोलर पैनल और केबल तार को देखा। केबल में तांबा होने के कारण नजीर ने प्लास से तार काटना शुरू किया, जबकि अंकित दूर खड़े होकर निगरानी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नजीर ने करीब एक माह पहले अंकित के साथ मिलकर सुंदरपुर, खोपा और करंजी क्षेत्र से सोलर पैनल के केबल तार चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा मलगा पुलिया के पास एक घर से कांसा और पीतल के बर्तन चोरी करने तथा चोरी का सामान सूरजपुर के तीन लोगों को बेचने की जानकारी भी सामने आई दोनों आरोपियों ने सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार से दो होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की। इनमें से एक मोटरसाइकिल अंकित ने अपने घर में रखी थी, जबकि दूसरी का इस्तेमाल नजीर कर रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉडजब्त किया। पुलिस ने संगठित तरीके से अपराध किए जाने की पुष्टि होने पर मामले में धारा 111 और 3(5) बीएनएस जोड़ी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार नजीर अंसारी के खिलाफ बसदेई चौकी, थाना पटना और थाना प्रतापपुर में चोरी सहित अन्य धाराओं के पांच मामले दर्ज हैं। वहीं अंकित तिवारी के खिलाफ बसदेई चौकी में चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मामले पूर्व में दर्ज हैं।




















