
रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़ी बड़ी ख़बर सामने आई है. फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को दुबई में गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद उसे अब युनाईटेड अरब अमीरात (UAE) से भारत लाने की तैयारी चल रही है.
शराब घोटाले का मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल साल 2023 से फरार चल रहा था, जिसके हफ्तेभर पहले दुबई में गिरफ्तारी हुई थी, चूंकि दुबई में यूएई का कानून लागू होता है, जिसकी वजह से यूएई सरकार फरार विकास अग्रवाल को भारत भेज रही है, जिसे लाने के लिए ACB/EOW चीफ अमरेश मिश्रा समेत विशेष टीम जल्द यूएई रवाना होगी. टीम के विदेश असाइनमेंट से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज तैयार हो चुके हैं.
बता दें कि विकास अग्रवाल पर डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली का आरोप है. विकास अग्रवाल अनवर ढेबर तक अवैध फंड पहुंचाने की मुख्य कड़ी माना जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि विकास को भारत में लाए जाने के बाद ACB/EOW की पूछताछ में अवैध पैसों के लेन-देन और अंतिम लाभार्थियों के बड़े राज खुलेंगे.











