बलरामपुर:  कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय बलरामपुर में  पहल करते हुए विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का  आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से कुल 10 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सभी रक्तदाताओं की सराहना की।
इस अवसर पर सीएमएचओ  ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है तथा एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचाने में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में अक्सर रक्त की कमी बनी रहती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान इस कमी को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आमजन से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

डॉ. शशांक गुप्ता ने भी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहण किया गया। चिकित्सा टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के उपरांत ही रक्तदान कराया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित रही। रक्तदान पश्चात सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान भी किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!