सूरजपुर:  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वतीपुर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेण नदी में नहाने गए चार युवक तेज बहाव और गहरे पानी में डूब गए। हादसे में चारों की मौत हो गई। मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। चारों युवक बिहार के समस्तीपुर से सूरजपुर में मेहमान बनकर आए थे। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे चारों युवक स्कूटी से रेण नदी पहुंचे थे। नहाने के दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर विश्रामपुर पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।

चट्टानों के बीच फंसा मिला नाबालिग का शव

नदी में डूबने की सूचना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और तैराक युवाओं की मदद से बचाव अभियान चलाया। नदी का संबंधित हिस्सा काफी गहरा होने और वहां पत्थर की चट्टानें मौजूद होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आईं। शुरुआती खोजबीन के दौरान एक नाबालिग का शव चट्टान के बीच फंसा मिला। इसके बाद लापता तीन अन्य युवकों की तलाश जारी रखी गई।

स्थानीय तैराकों की मदद से चारों के शव बरामद

एसडीआरएफ की टीम रमकोला क्षेत्र में एक अन्य बचाव अभियान में व्यस्त थी। ऐसे में विश्रामपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों व तैराक युवाओं की मदद से खोज अभियान जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद नदी से लापता तीन अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए। इस तरह हादसे में चारों युवकों की मौत की पुष्टि हुई।

घटनास्थल पर मिलीं दो स्कूटी, कपड़े और जूते-चप्पल

घटनास्थल से दो स्कूटी बरामद हुई हैं, जिनसे चारों युवक नदी तक पहुंचे थे। इसके अलावा उनके कपड़े और चार जोड़ी जूते-चप्पल भी मिले हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद सरस्वतीपुर गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!