
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में पशु क्रूरता का एक मामला सामने आया है। यहां चार युवकों पर जिंदा चूहे को आग के हवाले करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि युवकों ने मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया था।
चूहे को रस्सी से बांधकर लगाई आग
मामला झांसी के ओरछा गेट कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में चार युवक एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर गेट पर लटकाते दिखाई दे रहे है। इसके बाद उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। युवकों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और संबंधित युवकों की पहचान कर मामला दर्ज किया।
पशु क्रूरता से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो मिलने के बाद मामले की जांच की गई। चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पशु क्रूरता से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बेजुबान जीवों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नही किया जाएगा।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक कुरैशी को आरोपी बनाया है। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।











