
रायपुर। दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। रेलवे गोंदिया और पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन करेगा। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे होंगे। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 6 से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 7 से 21 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी।
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
पूजा स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इनमें गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ शामिल हैं। इसके अलावा ट्रेन झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी और बोकारो स्टील सिटी जैसे स्टेशनों से भी गुजरेगी।
गोंदिया से पटना जाने वाली ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन डोंगरगढ़ 13:26 बजे, राजनांदगांव 13:50 बजे, दुर्ग 14:45 बजे और रायपुर 15:35 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन भाटापारा 16:30 बजे, बिलासपुर 18:00 बजे, चांपा 19:00 बजे और रायगढ़ 20:10 बजे पहुंचेगी। आगे झारसुगुड़ा में 21:45 बजे और राउरकेला में 23:05 बजे इसका आगमन होगा।
अगले दिन ट्रेन हटिया 02:10 बजे, रांची 02:30 बजे, मूरी 03:43 बजे और बोकारो स्टील सिटी 05:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद राजेंद्रनगर टर्मिनल पर 15:38 बजे पहुंचकर 15:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन शाम 16:30 बजे पटना स्टेशन पहुंचेगी।
पटना से गोंदिया वापसी का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार को शाम 18:10 बजे पटना से रवाना होगी। यह ट्रेन 18:18 बजे राजेंद्रनगर टर्मिनल पहुंचेगी और 18:20 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद किउल स्टेशन पर रात 20:45 बजे इसका ठहराव होगा।
आगे ट्रेन अगले दिन रांची 08:05 बजे, हटिया 08:30 बजे, राउरकेला 11:40 बजे और झारसुगुड़ा 13:58 बजे पहुंचेगी। रायगढ़ में 15:28 बजे, चांपा में 16:38 बजे और बिलासपुर में 18:50 बजे इसका आगमन होगा।
इसके बाद ट्रेन भाटापारा 19:40 बजे, रायपुर 21:50 बजे, दुर्ग 23:20 बजे और राजनांदगांव 23:41 बजे पहुंचेगी। तीसरे दिन रात 00:15 बजे डोंगरगढ़ पहुंचने के बाद ट्रेन सुबह 03:00 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचेगी।
त्योहारों में अतिरिक्त भीड़ से मिलेगी राहत
दीपावली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह पूजा स्पेशल ट्रेन यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी।











