बलरामपुर:  छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर बलरामपुर जिले में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे हजारों शिक्षकों ने रैली निकालकर TET अनिवार्यता के विरोध में आवाज बुलंद की और शासन के नाम 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार गुप्ता ने किया। विशाल सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक पवन सिंह ने कहा कि शिक्षक अपने जायज अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि शासन ने समय रहते मांगों का निराकरण नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

मोर्चा की ओर से शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से 17 अगस्त 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से छूट देते हुए वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति  तथा 17 अगस्त 2012 के बाद सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की मांग की गई।

इसके अलावा शिक्षकों की पूर्व सेवा अवधि की गणना कर पूर्ण पेंशन का लाभ, वेतन विसंगति दूर कर केंद्रीय वेतनमान के आधार पर वेतन निर्धारण, 13 फरवरी 2026 के नए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में मौजूद विसंगतियों को दूर करने अथवा नियम निरस्त करने तथा प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता संवर्ग के लिए विभागीय B.Ed. ब्रिज कोर्स कराने की मांग रखी गई।

जिला संयोजक उपेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की वर्षों पुरानी सेवा अवधि की गणना, वेतन विसंगति और पदोन्नति में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने शासन से शिक्षक हित में न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन में मोर्चा के प्रांतीय, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शिक्षक शामिल हुए। प्रदेश सह सचिव हृषिकेश उपाध्याय, मणि यादव, जिला उपाध्यक्ष करण राम, जिला महामंत्री विशंभर दास, जिला कोषाध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अमित सोनी, मंगल राम सहित विभिन्न विकासखंडों के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

रैली में अशोक जायसवाल, मुन्ना कश्यप, बद्री प्रसाद तिग्गा, विजय कुजूर, श्रीकांत जायसवाल, कमलेश महेता, महादेव राम, अरुण गुप्ता, सुरेंद्र जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद, समल राम, विष्णु यादव, शनेश एक्का, अमृत कुमार तिग्गा, जोसफिना कुजूर, परमेश्वर, चंद्र कुमार कुर्रे, पार्वती यादव, रूनिया सिंह, विवेक कुमार, राजकुमार तिर्की, सचिन, वीरसाय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!