कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में झपटमारी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो शूट करने निकले युवकों ने एक महिला के गले में चमकता हार देखकर उसे सोने का आभूषण समझ लिया और झपटमारी की वारदात को अंजाम दे डाला। बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिस हार के लिए अपराध किया गया, उसकी कीमत महज 500 रुपये थी।

रील शूटिंग के दौरान बना अपराध का प्लान

पुलिस के मुताबिक 3 जून को रायपुर निवासी सूर्य गुप्ता, माही बंजारे, आशीष भट्टाचार्य और कैमरामैन पवन एक किराए की कार से पंखाजूर क्षेत्र की ओर जा रहे थे। सभी सोशल मीडिया कंटेंट और रील शूट करने के उद्देश्य से निकले थे। यात्रा के दौरान गर्मी और आर्थिक तंगी को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में ही रद्द करने का फैसला किया।

खेत से लौट रही महिला को बनाया निशाना

दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र के विक्रमगंज गांव के पास खेत से घर लौट रही कुमारी बाई साहू पर आरोपियों की नजर पड़ी। महिला के गले में चमकता हार देखकर युवकों को लगा कि वह सोने का कीमती आभूषण है। इसके बाद उन्होंने महिला से हार छीनने की योजना बना ली।

आरोप है कि एक युवक कार से उतरकर महिला के पास पहुंचा और बातचीत के बहाने नजदीक गया। मौका मिलते ही उसने महिला के गले से हार झपट लिया और कार में बैठकर साथियों के साथ फरार हो गया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज

घटना के बाद पीड़िता ने दुर्गकोंदल थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला वाहन का नंबर नहीं देख सकी थी, लेकिन उसने सफेद रंग की डिजायर कार होने की जानकारी पुलिस को दी। इसके आधार पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध वाहन की पहचान की।

मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

500 रुपये के हार के लिए किया अपराध

पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर आरोपी आशीष भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि लूटा गया हार सोने का नहीं था, बल्कि करीब 500 रुपये कीमत का नकली आभूषण था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि आभूषण की कीमत कम होने से अपराध की गंभीरता कम नहीं हो जाती। झपटमारी कानूनन गंभीर अपराध है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!