

भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपनी ओर से मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ के नाम घोषित कर दिए हैं। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा तीसरी सीट को लेकर हो रही है, जहां भाजपा की रणनीति अभी भी रहस्य बनी हुई है।
तीसरी सीट पर भाजपा की नजर?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा तीसरी राज्यसभा सीट पर भी मुकाबला रोचक बनाने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि पार्टी कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ किसी महिला या अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के चेहरे को मैदान में उतार सकती है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
CM मोहन यादव के बयान से बढ़ी हलचल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच मोहन यादव का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा तीसरी सीट पर भी उम्मीदवार उतारेगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "आएगी मतलब... जाएगी कहां?"
मुख्यमंत्री के इस संक्षिप्त लेकिन संकेतपूर्ण जवाब के बाद तीसरी सीट पर भाजपा की संभावित रणनीति को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
नामांकन को लेकर भी चल रही तैयारी
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने भले ही फिलहाल दो उम्मीदवारों की घोषणा की हो, लेकिन तीसरी सीट के लिए भी अंदरखाने तैयारी जारी है। खबर है कि संभावित उम्मीदवार के नामांकन पत्र के लिए विधायकों के हस्ताक्षर बतौर प्रस्तावक लिए जा रहे हैं। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
दिलचस्प हो सकता है मुकाबला
राज्यसभा चुनाव में तीसरी सीट को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों की रणनीतियों पर नजर बनी हुई है। यदि भाजपा तीसरा उम्मीदवार उतारती है तो मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो सकता है। अब सभी की निगाहें नामांकन की अंतिम प्रक्रिया और पार्टी के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।





















