

Hyderabad Suicide: हैदराबाद की एक 25 वर्षीय युवती की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर चुकी यह युवती हाल के दिनों में अपनी मां के साथ विशाखापत्तनम में रह रही थी। देर रात हुई एक असामान्य घटना के बाद उसकी तालाब में डूबने से मौत हो गई।
घर से निकलकर पहुंची मंदिर
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात युवती अपनी मां के साथ घर में थी। बताया जा रहा है कि उसने बाहर से घर का दरवाजा बंद किया और फिर बिना कपड़ों के पास स्थित एक मंदिर पहुंच गई। वहां से वह देवी अम्मावरू की प्रतिमा लेकर मंदिर परिसर के निकट बने तालाब की ओर चली गई।
तालाब में कूदने से हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती प्रतिमा के साथ तालाब में उतर गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद युवती का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन प्रतिमा अब तक नहीं मिल सकी है। उसकी तलाश जारी है।
जांच में सामने आई महत्वपूर्ण जानकारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि युवती पिछले कुछ समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसके माता-पिता वैवाहिक विवाद के कारण अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस अब घटना से पहले की परिस्थितियों, उसके संपर्कों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मां से पूछताछ, पिता को दी गई सूचना
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे युवती की मां को सौंप दिया है। मामले की जांच के तहत मां से पूछताछ की गई है, जबकि पिता को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। साथ ही वित्तीय लेनदेन और हाल की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।











