सूरजपुर:  सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों पर चक्काजाम करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और क्रेशर प्लांट सहित विभिन्न मशीनों व वाहनों में आगजनी करने का आरोप है। मामले में चांदनी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में विजय कुमार साकेत के घर के पास ग्रामीण सड़क पर ट्रैक्टर से बोल्डर लेकर जा रहे चालक जयकुमार वैस ने टीवीएस स्कूटी सवार एक महिला को टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग कुबेरपुर चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और पुलिस तथा कार्यपालिक दंडाधिकारी की समझाइश के बावजूद रास्ता खोलने को तैयार नहीं हुए।

क्रेशर प्लांट और मशीनों में आग लगाने का आरोप

क्रेशर प्लांट में मुंशी और सुरक्षा की देखरेख करने वाले ग्राम ठाड़पाथर निवासी राजनारायण पांडेय ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, विवाद के बाद कुछ लोगों ने क्रेशर प्लांट में आग लगाने की धमकी दी और रात में डीजल-पेट्रोल लेकर संगठित होकर क्रेशर प्लांट, मकान, जेसीबी मशीन, जनरेटर, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर तथा कुर्सी-टेबल में आग लगा दी।इस शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी मामला

घटना के संबंध में दूसरे मामले में प्रभारी तहसीलदार बिहारपुर की रिपोर्ट पर भी अपराध दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, चक्काजाम के दौरान प्रदर्शनकारियों को बार-बार समझाइश दी गई, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर विरोध जारी रखा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शव पंचनामा की कार्रवाई और शव को ले जाने से रोकने की बात कहते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।इस मामले में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।

दोनों मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है1. छकउ साकेत, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवाटोला।2. सुभगलाल साकेत, उम्र 33 वर्ष, निवासी कुबेरपुर।3. मनीष यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुबेरपुर।
4. मुन्नीलाल यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी कुबेरपुर।5. मालिकचंद साकेत, उम्र 44 वर्ष, निवासी कुबेरपुर।6. कृष्ण यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुबेरपुर।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आगजनी के मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है, जबकि शासकीय कार्य में बाधा के मामले में सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चांदनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा और उनकी टीम सक्रिय रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!