सूरजपुर: मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश में सड़क अधोसंरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग द्वारा सूरजपुर जिले के भटगांव एवं प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 21 करोड़ 33 लाख 16 हजार रुपये की लागत से 4 सड़क निर्माण, चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

भटगांव विधानसभा क्षेत्र में दो सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत

भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड भैयाथान में तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 543.67 लाख रुपये तथा विकासखंड सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्दाबस्ती से जूना तालाब बांधभीट तक 2.40 किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 346.51 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में सुदृढ़ होगी सड़क कनेक्टिविटी

प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड प्रेमनगर में मंहगई-कालीपुर से नावापारा मार्ग तक 6.66 किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 813.51 लाख रुपये तथा विकासखंड सूरजपुर में रामनगर मुख्य मार्ग से सरस्वतीपुर तक 3.00 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 429.47 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

पीडब्ल्यूडी कार्यपालन अभियंता  ललित भोई ने जानकारी दी है कि स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य संपन्न कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!