katni: भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कटनी जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने जिले की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए.

मृदुल मिश्रा ने आरोप लगाया कि कटनी पुलिस बिना समुचित जांच किए आम नागरिकों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 307 जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज कर रही है, जिससे निर्दोष लोगों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना था कि इस प्रकार की कार्रवाई निष्पक्ष जांच की भावना के विपरीत है.

जिले में आपराधिक घटनाओं में हो रही वृद्धि

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि कटनी जिले में चाकूबाजी सहित अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है. उनके अनुसार जिले में आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है.

मृदुल मिश्रा ने कहा कि जब जिले के जिम्मेदार अधिकारी कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालने में सफल नहीं हो पा रहे हैं, तब उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात गंभीरता से सुनी, मामले का संज्ञान लिया तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.

अपराध का बढ़ता ग्राफ चिंताजनक

उन्होंने यह भी कहा कि कटनी जिले में पूर्व में पदस्थ रहे पुलिस अधीक्षकों के कार्यकाल के दौरान इस प्रकार चाकूबाजी और गंभीर आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को नहीं मिलती थी. वर्तमान में अपराध का बढ़ता ग्राफ चिंताजनक है और इस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है.

तबादले के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा

मृदुल मिश्रा ने जिले के पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा कराने तथा संबंधित अधिकारियों के तबादले के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र आवश्यक निर्णय लेकर जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी और आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास पुनः स्थापित होगा.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!