

मध्य प्रदेश : मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्से पानी से तर हो चुके हैं। बीते लगभग 60 घंटे से कई जिलों में रुक रुककर तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम केंद्र भोपाल ने अगले 24 घंटे के लिए इंदौर और उज्जैन संभाग सहित 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
तीन मौसमी सिस्टम ने बढ़ाई बारिश की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार प्रदेश में मानसून ट्रफ, सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पूर्व पश्चिम दिशा में बने शियर जोन का संयुक्त असर देखने को मिल रहा है। इन तीनों सिस्टम की वजह से 20 और 21 जुलाई की रात से शुरू हुआ बारिश का दौर लगातार जारी है और कई क्षेत्रों में बुधवार देर रात तक तेज वर्षा दर्ज की गई।
40 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, तापमान में आई गिरावट
बुधवार को भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। दूसरी ओर बांधों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ने से राहत भी मिली है। बारिश के चलते दिन के तापमान में भी अच्छी खासी कमी दर्ज की गई।
इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए आलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा नीमच, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, सीहोर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भी बारिश का असर रहेगा
भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, बुरहानपुर, खंडवा, मंदसौर, आगर मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, डिंडौरी, सतना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी दिनभर कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।











